चमोली , मई 01 -- उत्तराखंड में चमोली जिले के वाण गांव स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर के कपाट शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

आज अपराह्न दो बजे कपाट खुलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।

कपाट खुलने के साथ ही अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इस अवसर पर दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान लाटू देवता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर में स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने पारंपरिक झोड़ा-झुमेला लोकनृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक रंग बिखेरे। वहीं मां नंदा देवी और लाटू देवता के जागर एवं लोकगीतों ने पूरे वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान लाटू देवता को मां नंदा देवी का धर्म भाई माना जाता है और वे विश्व प्रसिद्ध नंदा राजजात यात्रा में वाण से अगुवाई करते हैं। इसी कारण इस मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व है।

कपाट खुलने के अवसर पर नैनीताल उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सुभाष उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, दायित्वधारी बलवीर घुनियाल, ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला देवी, मंदिर के पुजारी खेम सिंह नेगी, ग्राम प्रधान नन्दुली देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित