चेन्नई , मार्च 28 -- चेन्नई में चुनाव प्रचार के तरीकों में इस बार एक बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव आया है, जिसका मुख्य कारण चुनाव आयोग के सख्त नियम और डिजिटल माध्यमों का बढ़ता प्रभाव है।चुनाव प्रचार की वर्तमान शैली में डिजिटल बदलाव साफ तौर पर देखा जा सकता है।

तकनीक के आगमन ने जीवन के लगभग हर पहलू को प्रभावित किया है और इसी के चलते इस विशाल महानगर में लाउडस्पीकरों का शोर, पोस्टरों की भरमार और हर दरवाजे पर दस्तक देने वाले कार्यकर्ताओं की टोलियां अब इस बार के चुनाव के मुख्य लक्षण नहीं रह गए हैं। दशकों तक, चेन्नई में चुनाव प्रचार का अर्थ शोर-शराबा, पोस्टर और जमीनी स्तर पर होने वाली निरंतर भाग-दौड़ था। लगभग सभी सड़कों और रिहायशी इलाकों में ऊंची आवाज में चुनावी गीत बजते थे और मोहल्लों की दीवारें राजनीतिक नारों, पोस्टरों और चुनाव चिह्नों से भरी रहती थीं।

लेकिन अब वह परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और अब शांत सड़कें तथा सख्त नियम एक सामान्य बात हो गई है। आदर्श चुनाव आचार संहिता के नियमों के कड़ाई से पालन के कारण, लाउडस्पीकरों के उपयोग के लिए समय सीमा और ध्वनि स्तर के प्रतिबंध निर्धारित कर दिए गए हैं। अनाधिकृत पोस्टरों और बैनरों की संख्या में भी भारी कमी आई है।

अन्नानगर क्षेत्र के निवासी आर. सुरेश ने कहा, "पहले चुनाव के समय शोर के कारण सोना मुश्किल होता था, लेकिन अब बहुत शांति है।" उन्होंने चुनाव आयोग को इस बदलाव के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि अब प्रचार अधिक व्यवस्थित है और इससे जनजीवन प्रभावित नहीं होता। चुनाव अधिकारियों का कहना है कि निगरानी दलों और उड़नदस्तों ने नियमों का पालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ध्वनि प्रदूषण और अवैध प्रचार सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

राजनीतिक दल अब पारंपरिक सड़क-स्तरीय प्रचार के बजाय सामाजिक माध्यमों, लक्षित संदेशों और टेलीविजन के माध्यम से लोगों तक पहुंच रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, "व्हाट्सएप समूह, यूट्यूब अभियान और सीधा प्रसारण अब प्रचार के नए हथियार बन गए हैं।

राजनीतिक दल अब सड़कों पर उतरे बिना ही लाखों मतदाताओं तक पहुंच सकते हैं।" टेलीविजन चैनल भी बहस, साक्षात्कार और विज्ञापनों के माध्यम से शहरी मतदाताओं तक पहुंचने का मुख्य केंद्र बन गए हैं। डिजिटल बढ़त के बावजूद, घर-घर जाकर वोट मांगने की पारंपरिक शैली अभी भी प्रासंगिक है। उम्मीदवार सीधे संवाद के लिए हर घर तक पहुंच रहे हैं, लेकिन अब यह प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और कम बाधा उत्पन्न करने वाली हो गई है।

वेलाचेरी निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदाता ने कहा, "नेता अभी भी हमारे क्षेत्र में आते हैं, लेकिन अब पहले की तरह सड़कों पर सैकड़ों लोगों की भीड़ नहीं उमड़ती। अब यह अधिक व्यक्तिगत और कम अराजक लगता है।"चुनाव आयोग के नियमों ने एक स्वच्छ और नियंत्रित चुनाव प्रचार सुनिश्चित किया है। पोस्टरों और बैनरों में कमी आने से चुनाव के दौरान शहर को साफ रखने में मदद मिली है। नागरिक अधिकारियों का कहना है कि पिछले वर्षों की तुलना में अवैध प्रचार सामग्री हटाने का बोझ कम हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि डिजिटल प्रचार अपने साथ भ्रामक सूचनाओं जैसी चुनौतियां भी लेकर आता है, जिसके लिए ऑनलाइन विनियमन की आवश्यकता है।

चेन्नई में इस बार एक नई चुनावी संस्कृति देखने को मिल रही है, जहां शोर-शराबे वाले प्रचार का स्थान तकनीक आधारित अभियानों ने ले लिया है। विश्लेषकों का कहना है कि प्रचार का मूल उद्देश्य अभी भी मतदाताओं से जुड़ना ही है, लेकिन तरीके बदल गए हैं। अब शोर के बजाय रणनीति पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित