चंडीगढ़ , मार्च 28 -- हरियाणा में किसानों के लाइसेंस रिन्यू न होने के मुद्दे को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने विरोध तेज कर दिया है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल असीम घोष को ज्ञापन सौंपा है।
यह प्रतिनिधिमंडल अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में राजभवन पहुंचा, जिसमें विधायक आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला भी शामिल रहे। श्री चौटाला ने कहा कि 12 मार्च को उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर किसानों के लाइसेंस रिन्यू करने की मांग उठायी थी। मुख्यमंत्री ने उस समय आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर लाइसेंस रिन्यू नहीं कर रही, ताकि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ न देना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत ठीक नहीं है और राज्यपाल से मुलाकात के बाद पार्टी बड़े कदम का एलान करेगी।
इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. संपत सिंह, रामपाल माजरा, आरएस चौधरी, प्रकाश भारती, वासुदेव शर्मा, राधेश्याम शर्मा और तनुजा कश्यप समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
श्री चौटाला ने घोषणा की कि इनेलो जिलों में 'किसान कष्ट निवारण केंद्र' स्थापित करेगी। इन केंद्रों के माध्यमसे किसानों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित