भिण्ड , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार क्षेत्र से भाजपा विधायक अमरीश शर्मा उर्फ गुड्डू आज अपनी ही सरकार के प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठेंगे। वह लहार कस्बे के भाटनताल मैदान में अनुसूचित जाति समाज के चल रहे आंदोलन में शामिल होंगे।जानकारी के अनुसार अनुसूचित जाति समाज द्वारा आम रास्ते पर कथित कब्जे, सिंध नदी की बंद रेत खदानों और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर पिछले लगभग दो वर्षों से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। आज इस आंदोलन का 595वां दिन है, जिसमें विधायक भी भाग लेंगे।

विधायक शर्मा ने कहा कि आम रास्ते की भूमि पर बने निर्माण को लेकर विभिन्न न्यायालयों में मामला रखा जा चुका है और हर स्तर पर रास्ता छोड़ने की बात सामने आई है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है, जिससे समाज में आक्रोश है।

उन्होंने सिंध नदी की रेत खदानों के मुद्दे पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि जिले की कुछ खदानें चालू हैं, लेकिन लहार क्षेत्र की खदानें बंद होने से रेत की कमी हो गई है, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

विधायक ने बिजली विभाग पर भी मनमानी और उपभोक्ताओं को परेशान करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि धरना-प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की जाएगी। उनका कहना है कि यह आंदोलन राजनीति से नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित