ललितपुर , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के ककडारी गांव में कुएं में गिरने से एक किशोर की डूबकर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सोहेल (12) अपने पिता प्रमोद राजा के साथ खेत पर गया था। इसी दौरान वह खेत में स्थित कुएं के पास पहुंचा और पैर फिसलने से कुएं में गिर गया। काफी देर तक पुत्र के दिखाई न देने पर पिता ने खोजबीन की। कुएं के पास पहुंचकर संदेह होने पर ग्रामीणों की मदद से कुएं में उतरकर उसे बाहर निकाला गया। बेहोशी की हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित