बहराइच , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सेसमी वर्कशॉप इंडिया ट्रस्ट ने मैरिको लिमिटेड के सहयोग से 'लर्न.प्ले.ग्रो' कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य के 40 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों का नवीनीकरण किया है। इस पहल के तहत बहराइच जिले के हुजूरपुर ब्लॉक में 10 आंगनवाड़ी केंद्रों का कायाकल्प किया गया है, जिससे बच्चों को बेहतर और सुरक्षित शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आंगनवाड़ी केंद्र 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए शिक्षा और देखभाल का पहला आधार होते हैं। इस पहल के अंतर्गत इन केंद्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों के अनुकूल वातावरण विकसित किया गया है। भवनों की मरम्मत, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय सुविधाओं का उन्नयन, विद्युत व्यवस्था में सुधार तथा बच्चों के लिए मैट, टेबल और कुर्सियों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त बच्चों के शारीरिक एवं सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए खेल क्षेत्र भी विकसित किए गए हैं। सूत्रों ने बताया कि कक्षाओं को बाला (बिल्डिंग एज लर्निंग एड) डिज़ाइन के माध्यम से अधिक आकर्षक एवं इंटरएक्टिव बनाया गया है, जिससे बच्चे खेल-खेल में सीख सकें। साथ ही 'स्टोरी पोंड' जैसे नवाचारपूर्ण शिक्षण-सामग्री को शामिल कर शिक्षण प्रक्रिया को रोचक बनाया गया है। इससे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों को प्रभावी ढंग से पढ़ाने में सहायता मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित