बुलन्दशहर , फरवरी 04 -- त्तर प्रदेश के जनपद बुलन्दशहर पुलिस ने 20 हजार रुपये के पुरस्कार घोषित एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलन्दशहर दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खुर्जा नगर पुलिस ने 03 फरवरी 2026 को दिल्ली से उक्त अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त थाना पिलखुवा जनपद हापुड़ में पंजीकृत मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक हापुड़ द्वारा 20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त थाना खुर्जा नगर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 387/2025 धारा 137(2), 87 बीएनएस तथा थाना सिकन्द्राबाद में पंजीकृत मुकदमा संख्या 564/25 धारा 310(4)/310(5) बीएनएस में भी वांछित था।

अभियुक्त के विरुद्ध थाना खुर्जा नगर पर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय उर्फ गंगू पुत्र रामचन्द्र निवासी मोहल्ला विकास नगर, कस्बा व थाना खुर्जा नगर, जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास दर्ज है, जिसमें थाना खुर्जा नगर, थाना पिलखुवा (हापुड़) एवं थाना सिकन्द्राबाद (बुलन्दशहर) में गंभीर धाराओं के अंतर्गत कई अभियोग पंजीकृत हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित