चंडीगढ़ , फरवरी 01 -- केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को प्रस्तुत केंद्रीय बजट का लघु उद्योग भारती ने स्वागत किया है। यह बजट एमएसएमई, महिला उद्यमियों, युवाओं, स्वास्थ्य एवं बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाला और समावेशी विकास को बढ़ावा देने वाला है।
लघु उद्योग भारती चंडीगढ़ के अध्यक्ष अवि भसीन ने कहा, ''यह बजट एमएसएमई और महिला उद्यमियों को सशक्त करने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, डिजिटल विकास और कर सरलीकरण पर दिया गया जोर उद्योग जगत के लिए सकारात्मक है। लघु उद्योग भारती इस केंद्रीय बजट का पूर्ण रूप से स्वागत करती है।''बजट में एमएसएमई सेक्टर के लिए आसान ऋण, सरल कर व्यवस्था, जीएसटी में सुधार तथा पारंपरिक (लीगेसी) उद्योगों को समर्थन देकर रोजगार सृजन को गति मिलेगी। हर जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन और शिक्षा से रोजगार की दिशा में उठाए गए कदम सामाजिक सशक्तिकरण को मजबूत करेंगे।
स्वास्थ्य, आयुर्वेद, पशु चिकित्सा शिक्षा, डेटा सेंटर, डिजाइन सेंटर, सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नई आयकर व्यवस्था, वरिष्ठ नागरिकों को राहत, टीसीएस में युक्तिकरण, ड्यूटी में संशोधन और 5जी विस्तार जैसे प्रावधान देश की जीडीपी वृद्धि और ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस को नई दिशा देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित