पटना , नवंबर 14 -- बिहार विधानसभा चुनाव में लखीसराय विघानसभा सीट से राज्य सरकार के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने कांग्रेस के उम्मीदवार अमरेश कुमार को 24940 मतो से पराजित किया।
भाजपा उम्मीदवार श्री सिन्हा को 122408 मत मिले वहीं कांग्रेस प्रत्याशी श्री कुमार को 97468 मत प्राप्त हुये। भाजपा ने यह सीट बरकरार रखी।
श्री सिन्हा ने पांचवी बार इस सीट पर अपना दम दिखाया है। उन्होंने वर्ष 2005 फरवरी में पहली बार इस सीट पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी फुलेना सिंह को पराजित किया था। हालांकि अक्टूबर 2005 में हुये चुनाव में बाजी पलट गयी। राजद के फूलेना सिंह ने भाजपा के श्री सिन्हा को मात दे दी थी। इसके बाद श्री सिन्हा ने वर्ष 2010, 2015 और 2020 में लगातार तीन बार यहां जीत का परचम लहराया। इस बार की जीत के साथ श्री सिन्हा ने पांच बार जीत दर्ज कर ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित