लखनऊ , दिसम्बर 24 -- यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) ने 25 दिसंबर (क्रिसमस) एवं 31 दिसंबर 2025 (नववर्ष की पूर्व संध्या) को लखनऊ मेट्रो सेवाओं के संचालन समय में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इन दोनों विशेष अवसरों पर मेट्रो सेवाएं सुबह छह बजे से मध्य रात्रि 12:30 बजे तक निर्बाध रूप से चलायी जायेगी।
यूपीएमआरसी द्वारा यह निर्णय शहर में बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या, देर रात होने वाले कार्यक्रमों तथा उत्सव के दौरान सुरक्षित और सुचारु सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है। विस्तारित समय-सारिणी से कामकाजी यात्रियों, पर्यटकों, युवाओं, परिवारों एवं एयरपोर्ट जाने-आने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
इन दोनों दिनों में मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन एवं सीसीएस एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन, दोनों टर्मिनल स्टेशनों से अंतिम मेट्रो ट्रेन मध्य रात्रि 12:30 बजे प्रस्थान करेगी। सभी स्टेशनों पर सुरक्षा, टिकटिंग, यात्री सहायता और परिचालन से जुड़े समुचित इंतजाम किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यूपीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि मेट्रो सेवाओं के संचालन समय में यह बदलाव केवल 25 दिसंबर एवं 31 दिसंबर के लिए ही प्रभावी रहेगा। इसके अतिरिक्त अन्य सभी दिनों में लखनऊ मेट्रो सेवाएं अपने नियमित समय सुबह छह बजे से रात 10:30 बजे तक ही संचालित होंगी।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने यात्रियों से अपील की है कि वे उत्सव के दौरान निजी वाहनों के स्थान पर मेट्रो का अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे यातायात जाम, प्रदूषण और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित