लखनऊ , दिसंबर 30 -- उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कुशीनगर से भाजपा विधायक पी एन पाठक के सरकारी आवास पर ब्राह्मण विधायकों की बैठक को लेकर उठे विवाद पर अब स्वयं विधायक की प्रतिक्रिया सामने आई है। सोशल मीडिया के जरिए दिए गए बयान से एक बार फिर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।
भाजपा विधायक पंचानंद पाठक ने 'एक्स' पर किए गए अपने पोस्ट में कहा कि ब्राह्मण समाज को जोड़ने का कार्य करता है, न कि विभाजन का। उन्होंने लिखा, "जय श्री राम, जय सनातन, जय भाजपा। सनातन परंपरा में ब्राह्मण को समाज का मार्गदर्शक, विचारक और संतुलनकर्ता माना गया है। जहां ब्राह्मण एकत्र होता है, वहां ज्ञान, विवेक और चिंतन का मंथन होता है, जो हिंदू अस्मिता को सशक्त बनाता है। उसका धर्म समाज को जोड़ना है, विभाजन नहीं।"गौरतलब है कि बीते दिनों लखनऊ में हुई इस बैठक के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठनात्मक अनुशासन से जोड़ते हुए नाराजगी जाहिर की थी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बैठक में शामिल विधायकों को नसीहत देते हुए सख्त चेतावनी भी दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित