लखनऊ , दिसंबर 29 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 20 और 21 जनवरी को पीठासीन अधिकारियों का दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे, जबकि समापन समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सोमवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं । उन्होंने कहा कि सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। देशभर से आने वाले पीठासीन अधिकारी और प्रतिनिधि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संसदीय कार्यप्रणाली और विधायी सुदृढ़ता से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन करेंगे।
श्री महाना ने कहा कि सम्मेलन के उपरांत 22 जनवरी को सभी डेलीगेट्स अयोध्या जाकर श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। आयोजन को लेकर राजधानी लखनऊ में तैयारियां जोरों पर हैं और प्रशासन ने मेहमानों के स्वागत एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित