लखनऊ , मार्च 17 -- टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शादी के बाद मंगलवार को राजधानी लखनऊ में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया। इस शानदार कार्यक्रम में क्रिकेट जगत के सितारों के साथ-साथ कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिला।

कुलदीप यादव ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में पारिवारिक माहौल के बीच शादी रचाई थी। शादी समारोह में केवल परिवार और करीबी मित्र ही शामिल हुए थे। रिसेप्शन को खास बनाने के लिए दूल्हे की एंट्री एक विशेष 1960 मॉडल की विंटेज कार से कराई गई, जिसे दिल्ली से मंगवाया गया था। इस अनोखी एंट्री ने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर, युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, अनुभवी खिलाड़ी शिखर धवन और ऑलराउंडर रवीन्द्र जडेजा अपनी पत्नी के साथ पहुंचे। मेहमानों का स्वागत होटल परिसर में फूलों की बारिश के साथ किया गया। इस ग्रैंड रिसेप्शन में 900 से अधिक मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। वीवीआईपी मेहमानों के लिए चार चार्टर्ड विमानों की व्यवस्था की गई थी, वहीं सुरक्षा और आतिथ्य के भी विशेष इंतजाम किए गए।

राजनीतिक जगत से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह में पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के भी शामिल होने की खबर है। इससे पहले मसूरी में आयोजित शादी समारोह में भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल भी नजर आए थे। कुल मिलाकर, यह रिसेप्शन क्रिकेट और राजनीति के संगम का एक भव्य आयोजन साबित हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित