लखनऊ, सितंबर 25 -- लखनऊ नगर निगम द्वारा गुरुवार को "स्वच्छता ही सेवा" और "एक दिन - एक घंटा - एक साथ" अभियान के अंतर्गत 156 घंटे के महा सफाई अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस मौके पर महापौर ने कहा कि यह अभियान केवल सफाई कार्य तक सीमित नहीं है बल्कि नागरिकों की जीवनशैली में स्वच्छता को शामिल करने का प्रयास है। "स्वच्छ लखनऊ" का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
इस विशेष अभियान की शुरुआत जोन-8 के पावर हाउस चौराहा, विद्यावती तृतीय वार्ड से हुई। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल, जोन-8 के सभी पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इसी तरह स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज अंबेडकर नगर वार्ड, जोन-2 स्थित न्यू ऑलमाइटी स्कूल में बच्चों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में बताया गया। बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया और शपथ ली कि वे सदैव अपने आस-पास सफाई रखेंगे। इसी क्रम में राजाजीपुरम, लेबर कॉलोनी और मोतीलाल नेहरू वार्ड में "एक दिन - एक घंटा - एक साथ" अभियान के तहत श्रमदान हुआ। गलियों और पिछली सड़कों की सफाई की गई तथा नागरिकों को सफाई और स्वच्छ आदतों का महत्व बताया गया।
अटल विहारी वार्ड में नागरिकों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के महत्व से अवगत कराया गया। हिंद नगर और शारदा नगर वार्डों में लोगों ने एकल उपयोग प्लास्टिक से परहेज करने और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। विद्यावती वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यहां महापौर स्वयं श्रमदान में शामिल हुईं और निवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जोन-4 और 7 के हुसड़िया, हनुमान और भूतनाथ मार्केट में नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को चार रंगों के डस्टबिन (नीला- सूखा, हरा- गीला, काला- घरेलू हानिकारक और पीला- सैनिटरी वेस्ट) के उपयोग के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्लास्टिक प्रदूषण के नुकसान समझाए। जोन-5 के गीता पाली, चित्रगुप्त नगर और गुरु नानक वार्ड में गलियों की सफाई कर लोगों को कचरे के पृथक्करण का महत्व बताया गया। गोल मार्केट पार्किंग परिसर (जोन-3), भूतनाथ मंदिर परिसर (जोन-7) और ग्वारी चौराहा पर सामूहिक सफाई अभियान आयोजित किया गया। स्थानीय निवासियों, सफाई कर्मियों और अधिकारियों ने मिलकर क्षेत्र की सफाई की और सामूहिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित