लखनऊ, सितंबर 30 -- बलात्कार के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर मंगलवार शाम लखनऊ जेल में जानलेवा हमला हुआ है। हमले के बाद गायत्री को जेल के अंदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हे ज्यादा गम्भीर चोटें नही आई हैं।

पुलिस ने बताया कि आज शाम 5.30 बजे के आस-पास जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की जेल के बंदी सफाई कर्मी से किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस के दौरान बात इस कदर बढ़ गई कि बंदी सफाईकर्मी ने धारदार लकड़ी से प्रजापति के सिर के ऊपर हमला कर दिया। जिसके चलते उन्हें चोटें आई हैं। हमले के बाद गायत्री को तुरंत जेल के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।

डीजी जेल पीसी मीना ने बताया कि हमला करने वाले बंदी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बंदी ने धारदार लकड़ी से हमला कर दिया। हमले में ज्यादा गम्भीर चोटें नही आई है और वह ठीक हैं। बाकी प्रकरण की जांच चल रही है।

वही सपा ने पूर्व मंत्री की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने इस हमले को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "जेल मे बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर हमले की खबर चिंताजनक है। जेल प्रशासन पूर्व मंत्री को समुचित इलाज उपलब्ध करवाए।" गायत्री प्रजापति वर्तमान में सपा में हैं।

गौरतलब है कि ईडी और सीबीआई की जाँच में फंसे खनन घोटाले के आरोपी गायत्री प्रजापति को साल 2017 में एक महिला द्वारा लगाए गए गैंगरेप के आरोपों के बाद गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने उन्हें दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सजा के बाद जमानत के लिए गायत्री ने कई बार अर्जी डाली, लेकिन हर बार याचिका खारिज कर दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित