लखनऊ , जनवरी 23 -- लखनऊ के गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की नई आवासीय परियोजना 'नर्मदा अपार्टमेंट' विकसित की जाएगी। इस प्रोजेक्ट में करीब 2100 वर्गफिट के 300 लग्जरी फ्लैट्स के साथ 12 पेंटहाउस भी बनाए जाएंगे।
अपार्टमेंट में आधुनिक सुविधाओं के तहत जिम, स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप और 500 से अधिक वाहनों की पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं होंगी। साथ ही सोसाइटी परिसर में कॉमर्शियल दुकानों का निर्माण भी किया जाएगा।
शुक्रवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना के निर्माण और पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत इच्छुक आवेदक 24 जनवरी से 23 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण केवल एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकेगा। आवेदन के लिए फ्लैट की अनुमानित कीमत का 5 प्रतिशत पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह राशि 2.5 प्रतिशत निर्धारित की गई है। फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से होगा।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, नर्मदा अपार्टमेंट की लोकेशन और कनेक्टिविटी बेहद खास होगी। इसका निर्माण जी-20 रोड पर एलडीए के राप्ती अपार्टमेंट के ठीक बगल में कराया जाएगा। परियोजना से कुछ ही दूरी पर शहीद पथ, इकाना क्रिकेट स्टेडियम, प्लासियो मॉल और पुलिस मुख्यालय जैसे प्रमुख स्थल मौजूद हैं।
उन्होंने बताया कि करीब 12,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले नर्मदा अपार्टमेंट में कुल 3 टावर तैयार होंगे, जिनकी ऊंचाई लगभग 90 मीटर होगी। अपार्टमेंट में 3 बीएचके एवं स्टडी श्रेणी के फ्लैट होंगे। प्रत्येक फ्लैट करीब 2100 वर्गफिट का होगा। वहीं, 4000 वर्गफिट क्षेत्रफल के 12 पेंटहाउस भी बनेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित