हरिद्वार , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने लक्सर रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के तहत बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की टीम ने स्टेशन परिसर में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान संचालित किया।
जांच के दौरान टीम ने प्लेटफार्म, यात्री डिब्बों, प्रतीक्षालय, पार्किंग स्थल सहित स्टेशन के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में गहन निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध वस्तुओं एवं लावारिस सामान की विशेष रूप से जांच की गई और अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान यात्रियों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने यात्रियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पूरा अभियान शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस या आपातकालीन नंबर 112 पर दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित