हरिद्वार/लक्सर , फरवरी 03 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के लक्सर में पुलिस ने एक फाइनेंस कर्मी से हुई लूट का खुलासा करते हुए मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक लाख 85 हजार की नगदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पीड़ित का आधार कार्ड और बैग बरामद किया है।
घटना 01 फरवरी की है, जब लक्सर निवासी फाइनेंस कर्मी रवि राठौर से चार अज्ञात व्यक्तियों ने रास्ता रोककर मारपीट की और कलेक्शन के पैसों से भरा बैग तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते हुए मैनुअल पुलिसिंग, संदिग्धों की निगरानी और तकनीकी इनपुट के माध्यम से अहम सुराग जुटाए। चेकिंग के दौरान लक्सर क्षेत्र से तीन संदिग्धों को दबोचा लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी गुलशेर पीड़ित के नियोक्ता की दुकान पर पूर्व में काम कर चुका था। नौकरी छूटने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मोटी रकम लूटने की साजिश रची। उसे जानकारी थी कि हर रविवार को फाइनेंस कर्मी बड़ी रकम का कलेक्शन करता है। इसी योजना के तहत आरोपियों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुलशेर , निवासी खण्डजा कुतुबपुर, लक्सर , फरमान , निवासी खण्डजा कुतुबपुर, लक्सर औरसाहिल , निवासी खण्डजा कुतुबपुर, लक्सर के रूप मे हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित