हरिद्वार , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में गौ-तस्करी एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस और गौवंश संरक्षण दल ने बुधवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए गौकशी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग और निगरानी की जा रही थी। इसी कड़ी में 28 अप्रैल को ग्राम गढ़ी संगीपुर में गौकशी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी।
दबिश के दौरान पुलिस ने तीन आरोपी सुलेमान पुत्र हय्यात, युसूफ पुत्र अल्लादिया और सहजाद पुत्र मुनफैत को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से 105.5 किलोग्राम गौमांस एवं गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने क्रूरता से बांधकर रखे गए दो जीवित गौवंशीय पशुओं को भी सकुशल मुक्त कराया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों पशुओं की जान बचाई गई और उन्हें सुरक्षित गौशाला भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध उत्तराखण्ड गौवंश संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित