लखनऊ , मार्च 12 -- किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के क्वीन मेरी अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजाता देव ने कहा कि इंटरनेट या सोशल मीडिया पर देखकर मिलते-जुलते लक्षणों के आधार पर मेडिकल स्टोर से दवा लेकर सेवन करना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी बीमारी में दवा लेने से पहले योग्य चिकित्सक की सलाह अवश्य लें।
गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में लखनऊ स्थित अवध गर्ल्स डिग्री कालेज के सभागार में 'आधी आबादी को दें बेहतर सेहत का उपहार' विषय पर स्वास्थ्य परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन पॉपुलेशन सर्विस इंटरनेशनल इंडिया (पी.एस.आई. इंडिया) के सहयोग से किया गया।
परिचर्चा में पी.एस.आई. इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकेश शर्मा ने कहा कि महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के बिना समाज और देश की प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने छात्राओं को समय प्रबंधन, संतुलित दिनचर्या, योग और ध्यान को अपनाने की सलाह दी।
वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति बाजपेयी ने ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि समय पर जांच और एचपीवी वैक्सीन से इन बीमारियों से बचाव संभव है। वहीं डॉ. शिखा श्रीवास्तव ने महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने और योग-व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित