जालौन , अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और सभी लंबित मामलों के प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने का निर्देश दिया।

इस बैठक में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण तथा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी स्थिति में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में बीट प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने तथा चल रहे अभियानों की समीक्षा भी की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी पुलिस कर्मी की संलिप्तता अपराधियों के साथ पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अनुशासन और पारदर्शिता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित