मुंबई , फरवरी 01 -- बॉलीवुड निर्देशक एवं निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर रविवार आधी रात के बाद गोलीबारी हुई, हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ।
गोलमाल और सिंघम जैसी हिट फ्रेंचाइजी देने वाले रोहित हमले के वक्त घर पर ही थे। हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन मायानगरी मुंबई में सितारों की बढ़ती असुरक्षा के बीच एक और हमला चिंताजनक है।
हाल के वर्षों में बॉलीवुड सितारों और उनके परिजनों पर हमलों और धमकियों की तादाद में इज़ाफ़ा देखने को मिला है। आइए डालते हैं ऐसी ही कुछ घटनाओं पर नज़र।
1. सोनू निगम : बॉलीवुड गायक सोनू निगम के ऊपर मुंबई के चेंबूर में फरवरी 2023 में हमला हुआ था। एक कॉन्सर्ट के दौरान एक फैन ने सोनू के साथ सेल्फी लेने की ज़िद की। जब सोनू ने सेल्फी लेने से मना कर दिया तो उसने सोनू को धक्का दिया। जब सोनू के दोस्त रब्बानी खान उन्हें बचाने के लिये आये तो आरोपी ने उन्हें भी धक्का दिया। हमलावर को शिकायत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में सोनू ने कहा कि इसमें उनके दोस्त की जान भी जा सकती थी।
2. शाहरुख खान : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान को नवंबर 2024 में जान से मारने की धमकी मिली थी। धमकी देने वाले ने शाहरुख से 50 लाख रुपये फिरौती मांगी थी। इस मामले में मुंबई पुलिस ने छत्तीसगढ़ के एक वकील को गिरफ्तार किया था। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि आरोपी शाहरुख और उनके बेटे आर्यन खान के आवागमन पर नज़र रखे हुए था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने कहा कि उसका फ़ोन चोरी हो चुका था और वह इस अपराध में शामिल नहीं है।
शाहरुख को इससे पहले अक्टूबर 2023 में भी धमकी मिली थी। यह धमकी कथित रूप से लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी थी, जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने शाहरुख की सुरक्षा बढ़ा दी थी।
3. सलमान ख़ान : बॉलीवुड के 'दबंग' अभिनेता सलमान ख़ान कई बार फिरौती की धमकियों का निशाना रहे हैं। सबसे पहले अप्रैल 2024 में बांद्रा स्थित उनके आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर बिश्नोई गैंग से संबंधित दो बंदूकधारियों ने गोलीबारी की थी। दोनों को गिरफ्तार कर सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गयी थी। अक्टूबर 2024 में मुंबई पुलिस को व्हाट्सऐप पर आये एक संदेश में सलमान से पांच करोड़ रुपये फिरौती मांगी गयी, जबकि नवंबर 2024 में दो करोड़ रुपए मांगे गये। दोनों ही मामलों में फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।
4. सैफ अली ख़ान : बॉलीवुड अभिनेता सैफ़ अली ख़ान को जनवरी 2025 में उनके आवास में घुसे एक हमलावर ने चाकू मारकर घायल कर दिया था। सैफ़ को इस हमले के बाद सर्जरी करवानी पड़ी। वह कुछ दिन बाद ही सुरक्षित घर लौट आये थे। मुंबई पुलिस ने घटना के संबंध में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया था, हालांकि मामले में जांच जारी है।
5. दिशा पटानी : उत्तर प्रदेश के बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पैतृक आवास पर एक गोलीबारी की घटना सितंबर 2025 में सामने आयी थी। हमलावर गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग (बिश्नोई नेटवर्क) से संबंधित थे। घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया था। उत्तर प्रदेश पुलिस ने सितंबर 12 को कहा था कि अपराधी गाज़ियाबाद में एक एनकाउंटर में मारे गये हैं।
6. कपिल शर्मा कैफ़े : यह घटना कपिल शर्मा के कनाडा में स्थित 'कैप्स कैफे' से संबंधित है, लेकिन बॉलीवुड पर दहशत के बादलों की तरह मंडरा रहेबिश्नोई गैंग से ही संबंधित है। कनाडा के सरे में उनके रेस्तरां पर तीन बार फायरिंग हुई। पहला हमला जुलाई 2025, दूसरा अगस्त (25 राउंड फायर) और तीसरा अक्टूबर में हुआ। बिश्नोई गैंग के गोल्डी ढिल्लों और कुलदीप सिद्धू ने हमले की जिम्मेदारी ली थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित