मुंबई , फरवरी 02 -- मुंबई की एक स्थानीय अदालत ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की घटना में कथित तौर पर शामिल तीन आरोपियों को पांच फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

एक अधिकारी ने सोमवार को यहां बताया कि आरोपियों की पहचान स्वप्निल बंदू सकट (23), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20) और समर्थ शिवशंकर पोमाजी (18) के रूप में हुई है, जिन्हें पुणे से गिरफ्तार किया गया और रविवार देर शाम एक अवकाशकालीन अदालत में पेश किया गया। इस मामले में चौथा आरोपी शुभम लोनकर फरार है।

यह गोलीबारी रविवार तड़के उत्तर पश्चिम मुंबई के जुहू में श्री शेट्टी के घर पर हुई थी। घटना के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली। बचाव पक्ष के वकील अजय दुबे ने कहा कि आरोपी गैंग से किसी तरह भी संबंधित नहीं हैं और उन्हें पुलिस ने "सिर्फ शक के आधार पर" गिरफ्तार किया है।

मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शहर में बिश्नोई गैंग पहले हमला करती है, फेसबुक पोस्ट में जिम्मेदारी लेती है और फिर स्क्रीनशॉट लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करती है ताकि आईपी एड्रेस ट्रेस न किया जा सके। पुलिस ने कहा कि इस बार जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट में इसे 'नेक मकसद' में छिपाने की कोई कोशिश नहीं की गयी है, बल्कि यह गैंग द्वारा बॉलीवुड को डराने की कोशिश का सीधा संकेत लगता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच जारी है क्योंकि अभी तक मकसद साफ नहीं हुआ है।

रिपोर्टों के मुताबिक जब गोलियां चलीं तो श्री शेट्टी अपने घर के अंदर थे। वह बिल्डिंग की सातवीं मंजिल पर आराम कर रहे थे। शुरू में सुरक्षा गार्ड को लगा कि यह पटाखों की आवाज है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद उसे पता चला कि यह गोलियों की आवाज थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित