डेहरी आन सोन , फरवरी 01 -- बिहार के रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड सब्जी मंडी के पास रविवार सुबह एक बंद लाल रंग की ट्रॉली बैग से लगभग 15 वर्षीय अज्ञात किशोरी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया गया कि सुबह कूड़ा चुन रहे बच्चों को ट्रॉली बैग से संदिग्ध स्थिति का आभास हुआ, जिसके बाद शोर मचाया गया और स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही डेहरी थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी, अंचल इंस्पेक्टर रवि भूषण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एफएसएल एक्सपर्ट प्रभात कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रॉली बैग को पर्दे में ढककर वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ खोला गया। बैग खोलने पर किशोरी का शव नग्न अवस्था में मिला।

पुलिस को आशंका है कि किशोरी की हत्या कहीं और कर शव को ट्रॉली बैग में भरकर यहां फेंका गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है।

रोहतास के आरक्षी अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और हुलिये के आधार पर विभिन्न थानों से लापता किशोरियों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है और मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित