डेहरी आन सोन , दिसंबर 25 -- बिहार में रोहतास जिले के रोहतास थाना क्षेत्र में गुरूवार की सुबह हाईवा की चपेट में आकर दो किशोरों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुरली कैंप के समीप आज सुबह तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कल्याणपुर बीगहा गांव निवासी आशीष कुमार (16) और रंजन कुमार (17) के रूप में की गई है। दोनों पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।

सूत्रों ने बताया कि दोनों किशोर प्रतिदिन सुबह सड़क पर दौड़ लगाकर शारीरिक अभ्यास करते थे। आज सुबह भी वे घर से दौड़ने के लिए निकले थे, तभी डेहरी-रोहतास मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से उनकी मौत हो गयी। दुर्घटना के बाद ट्रक का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय उच्चपथ संख्या 119 को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त करवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित