हरिद्वार, मार्च 30 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया।

सम्मेलन में जनपद के विभिन्न थानों और शाखाओं से पहुंचे पुलिस कर्मियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका एसएसपी द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया। शेष समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखने और फ्रेंडली पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए जनता का विश्वास जीतना आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 41 पुलिस कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इन कर्मियों को जटिल अपराधों के सफल अनावरण, कर्तव्यनिष्ठा और जनसमस्याओं के समाधान में उल्लेखनीय योगदान के लिए ''पुलिस मैन/वुमेन ऑफ द मंथ'' (फरवरी 2026) से नवाजा गया।

सम्मानित होने वालों में जनपद के विभिन्न थानों, शाखाओं और इकाइयों के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित