हरिद्वार , फरवरी 18 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में रोशनाबाद जिला न्यायालय में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर बुधवार को हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया। जिला एवं सत्र न्यायालय रोशनाबाद परिसर में सिडकुल पुलिस और बीडीएस टीम ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान न्यायालय परिसर में आने वाले सभी व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी ली गई। डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई, वहीं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया, ताकि अधिवक्ताओं और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील स्थानों पर इस तरह के सघन जांच अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे, जिससे कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित