मैनपुरी , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र में शनिवार को ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम सकरामपुर निवासी विपिन कुमार का पुत्र कृष्णा (7) सुबह करीब 10 बजे खेत पर खाना देने गया था। उस समय खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य चल रहा था। खेलते समय वह ट्रैक्टर के पीछे चल रहे रोटावेटर के करीब पहुंच गया और अनियंत्रित होकर उसकी चपेट में आ गया। रोटावेटर के ब्लेड से गंभीर रूप से घायल बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जबकि उसकी तीन वर्षीय बहन आराध्या है। बेटे की मौत से मां बेसुध हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए तथा ट्रैक्टर चालक समेत अन्य लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित