देहरादून , जनवरी 20 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग किए जाने के मामले में एमबीबीएस के नौ छात्रों को कॉलेज तथा हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। जबकि इनमें से दो छात्रों पर निष्कासन के साथ ही 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

प्राचार्य डा गीता जैन की ओर से इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी किया गया है।

डा जैन ने मंगलवार को इस संदर्भ में बताया कि एमबीबीएस 2025 बैच के दो छात्रों के साथ 12 जनवरी की रात 2023 और 2024 बैच के सीनियर छात्रों ने मिलकर रैगिंग की थी। मामले की शिकायत वार्डन की ओर से अगले दिन 13 दिसंबर को ही कर दी गई थी। इसकी गंभीरता को समझते हुए 15 जनवरी को इसकी जांच एंटी रैगिंग कमेटी को सौंपी गई। जिसने अपनी रिपोर्ट सोमवार को कॉलेज प्रबंधन को सौंप दी। इसमें नौ सीनियर छात्रों को दोषी पाया गया। एमबीबीएस के 2023 और 2024 बैच के दो छात्रों को दो महीने के लिए कॉलेज से निकाला गया है, जबकि ये छात्र हॉस्टल और इंटर्नशिप से हमेशा के लिए बाहर किए गए हैं। इन्हीं दोनों छात्रों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा 2023 बैच के चार और 2024 बैच के तीन और छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। इन छात्रों को एक महीने के लिए कॉलेज से निकाला गया है, जबकि तीन महीने के लिए हॉस्टल से बाहर किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कॉलेज प्रबंधन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों इसके लिए योजना बनाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित