रेवाड़ी , मार्च 31 -- हरियाणा के रेवाड़ी में मंगलवार को इंडियन आयल कारपोरेशन के एक पंप पर पेट्रोल खत्म होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह पंप शहर के बाईपास पर राजेश पायलट चौक के पास स्थित है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात को ही पंप पर पेट्रोल खत्म हो गया था। मंगलवार को भी दिनभर पेट्रोल उपलब्ध नहीं रहा, जिसके कारण पंप कर्मचारियों को वाहन चालकों को वापस भेजना पड़ा। हालांकि, पंप पर डीजल की उपलब्धता बनी हुई है।
पंप कर्मियों ने बताया कि पेट्रोल खत्म होने की सूचना पंप मालिक को दे दी गयी है और शाम तक नयी आपूर्ति पहुंचने की संभावना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेवाड़ी में इस तरह की स्थिति पहले कभी देखने को नहीं मिली। यहां तक कि अंतरराष्ट्रीय तनाव या युद्ध जैसी परिस्थितियों में भी पेट्रोल की ऐसी कमी नहीं हुई थी।
एक बाइक सवार ने बताया कि उनका पेट्रोल रास्ते में ही खत्म हो गया, वह बाइक को धक्का देकर पंप तक पहुंचे, लेकिन वहां भी पेट्रोल नहीं मिला, जिससे उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
पेट्रोल की कमी के कारण आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और कई वाहन चालकों को वैकल्पिक इंतजाम करने पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित