हैदराबाद , अप्रैल 03 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को तेलंगाना ग्रुप-1 भर्ती प्रक्रिया पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है।
उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार को 563 सफल उम्मीदवारों की ग्रुप-1 अधिकारियों के रूप में नियुक्ति का रास्ता साफ कर दिया, जिससे चयन प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से चले आ रहे कानूनी गतिरोध का अंत हो गया है। मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि वह इस फैसले को सार्वजनिक भर्ती में सरकार की पारदर्शिता और ईमानदारी के समर्थन के रूप में देखते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रुप-1 के उन अभ्यर्थियों के लिए यह फैसला एक बड़ी राहत है, जिन्होंने आर्थिक तंगी और अनिश्चितता के बीच सालों तक उम्मीद और धैर्य के साथ इंतजार किया। उन्होंने कहा कि जैसे ही 'प्रजा सरकार' ने कार्यभार संभाला, उसने अधिसूचना जारी की, परीक्षाएं आयोजित कीं और कम समय के भीतर नियुक्ति पत्र देना सुनिश्चित किया।
श्री रेड्डी ने चयनित उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, " प्रक्रिया को पटरी से उतारने की साजिशों और कोशिशों के बावजूद, हम प्रतिबद्ध रहे और ग्रुप-1 अधिकारियों के इस पहले बैच को राज्य के पुनर्निर्माण में भागीदार बनाने में सफल रहे। "मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग (टीजीपीएससी) में महत्वपूर्ण सुधार किये, जिससे सिस्टम में बेरोजगार युवाओं का भरोसा बहाल हुआ और पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया पूरी की गयी। उन्होंने इस समर्पित प्रयास के लिए टीजीपीएससी के अध्यक्ष, अधिकारियों और कर्मचारियों की भी सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित