भोपाल , अप्रैल 24 -- मध्यप्रदेश में पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल द्वारा 70वें रेल सप्ताह समारोह 2026 के अंतर्गत रेल सेवा पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 12 श्रेणियों में दक्षता शील्ड प्रदान की गई और विभिन्न विभागों के 43 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने चयनित कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए। इन कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों में उत्कृष्ट प्रशासनिक दक्षता, तकनीकी कुशलता और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान इंजीनियरिंग, परिचालन, यांत्रिक, विद्युत, लेखा, वाणिज्य, चिकित्सा, एसएंडटी सहित कुल 13 विभागों के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टेशनों और इकाइयों को 12 दक्षता शील्ड भी प्रदान की गईं, जिनमें स्टेशन रखरखाव, इंजीनियरिंग डिपो, विद्युत एवं यांत्रिक डिपो, ऊर्जा संरक्षण, दूरसंचार और रनिंग रूम जैसी श्रेणियां शामिल रहीं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि यह सम्मान कर्मचारियों के समर्पण और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन की औपचारिक मान्यता है, जो रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहायक है। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अभिराम खरे, योगेन्द्र बघेल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी विजय सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित