बिलासपुर , अप्रैल 08 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए आठ से 10 अप्रैल के बीच रद्द की गई 12 पैसेंजर और मेमू ट्रेनों को दोबारा चालू कर दिया है। इस फैसले से रायपुर, गेवरारोड, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा और गोंदिया रूट पर सफर करने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।

दरअसल, बिलासपुर मंडल के अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन जोड़ने का काम चल रहा है। इसी के तहत नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य भी किया जाना था, जिसके कारण रेलवे को कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करना पड़ा था लेकिन अब हालात सामान्य होने पर इन ट्रेनों को फिर से बहाल कर दिया गया है और ये अपने तय समय पर चलेंगी।

इसके अलावा, गर्मी के मौसम को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए समर स्पेशल ट्रेनों की भी व्यवस्था की है। पटना-चर्लपल्ली-पटना समर स्पेशल ट्रेन आठ अप्रैल से शुरू हो रही है, जिसे 15-15 फेरों के लिए चलाया जाएगा।

रेलवे ने यह भी बताया है हालांकि बिलासपुर जोन की कुछ पैसेंजर ट्रेनें 11 से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी, जिससे यात्रियों को यात्रा से पहले जानकारी लेना जरूरी होगा।

गौरतलब है कि हाल ही में ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। वहीं रोजाना सफर कर रहे यात्रियों ने भी इस पर नाराजगी जताई थी। अब रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है।

यात्रियों को हालांकि अभी भी पूरी राहत नहीं मिली है। बिलासपुर रेलवे जोन की 10 पैसेंजर ट्रेनें 11 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी। इसका असर खासतौर पर रायगढ़, कोरबा और गेवरा रोड से बिलासपुर व रायपुर आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

इसके अलावा, कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें जैसे छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और समता एक्सप्रेस भी 27 अप्रैल तक अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेंगी। गोंदिया स्टेशन पर नए ट्रैक बिछाने और बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन निर्माण के चलते इन ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है।

रेलवे ने यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की है। कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस को 16 से 27 अप्रैल तक कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा, ताकि दैनिक यात्रियों को कुछ हद तक राहत मिल सके।

वहीं, तिरुपति-रक्सौल-तिरुपति के बीच भी सात फेरों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 13 अप्रैल से 25 मई तक तिरुपति से हर सोमवार और 16 अप्रैल से 28 मई तक रक्सौल से हर गुरुवार को रवाना होगी। 24 कोच वाली यह ट्रेन बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने में आसानी होगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ही ट्रेनों को दोबारा शुरू किया गया है। साथ ही निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने की कोशिश की जा रही है, ताकि भविष्य में बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित