भोपाल , फरवरी 13 -- प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्य-जीव अभिरक्षक के निर्देशन में संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुर्लभ प्रजाति के कछुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया गया है।
स्टेट टाइगर फोर्स भोपाल, रेलवे सुरक्षा बल तथा वन मंडल भोपाल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर पटना-इंदौर एक्सप्रेस के प्रथम श्रेणी कोच से संत हिरदाराम स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय सिंह राजपूत वल्द राजकुमार के पास से 311 नग दुर्लभ प्रतिबंधित प्रजाति के जीवित कछुए बरामद किए। इस संबंध में वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया।
जब्त किए गए कछुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और न्यायालय की अनुमति प्राप्त करने के बाद उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
प्रकरण में आगे की कार्रवाई करते हुए 8 फरवरी 2026 को संगठित गिरोह से जुड़े एक विधि-विरोधी बालक को लखनऊ से अभिरक्षा में लिया गया, जिसे 9 फरवरी को प्रधान न्यायिक मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड भोपाल के समक्ष प्रस्तुत कर संप्रेक्षण गृह भेजा गया।
प्रकरण के अन्य फरार आरोपी आसिफ खान निवासी देवास की गिरफ्तारी के लिए स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स भोपाल द्वारा लगातार तीन दिन तक घेराबंदी और निगरानी की गई। इसके बाद 10 फरवरी को मुख्यालय एवं इकाई भोपाल के संयुक्त दल ने देवास से गिरोह के मुख्य तस्कर आसिफ खान को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से फॉरेस्ट रिमांड प्राप्त कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में गिरोह के नेटवर्क और तस्करी के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित