कपूरथला , फरवरी 05 -- रेल डिब्बा कारखाना (आरसीएफ), कपूरथला में कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से वर्ष 2024एवं 2025 के लिए विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार एवं रेल सेवा पुरस्कार समारोह का बड़े उत्साह के साथ आयोजन किया गया।
आरसीएफ के महाप्रबंधक पी. के. मिश्रा ने गुरुवार को संगठन के प्रति उत्कृष्ट निष्ठा, ईमानदारी एवं सराहनीय सेवाएं प्रदान करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण कार्य निष्पादन एवं प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने वाले कुल 49 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों के अतिरिक्त, महाप्रबंधक द्वारा सुरक्षा, पर्यावरण प्रबंधन, गुणवत्ता एवं सर्वश्रेष्ठ कार्यालय प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले विभिन्न कार्यालयों एवं विभागों को शील्ड प्रदान की गयी। ये पुरस्कार आरसीएफ में उच्च स्तर की कार्यक्षमता, अनुशासन एवं उत्कृष्ट कार्य-संस्कृति को दर्शाते हैं।
वारिस शाह हॉल में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री मिश्रा ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी तथा टीमवर्क, नवाचार एवं सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के पालन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने वर्ष 2024 एवं 2025 के दौरान आरसीएफ कपूरथला की महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, जिनमें उत्पादन क्षमता में वृद्धि, गुणवत्ता सुधार, पर्यावरणीय स्थिरता से जुड़ी पहलें तथा समग्र संगठनात्मक प्रदर्शन शामिल हैं।
महाप्रबंधक ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के सम्मान कर्मचारियों को उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने तथा कोच निर्माण एवं संगठनात्मक विकास में उच्च मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित