, March 16 -- जद यू के दिलेश्वर कामैत ने अपने संसदीय क्षेत्र सुपौल से नयी दिल्ली के लिए रेल सेवा का परिचालन करने की मांग करते हुए कहा कि सुपौल को जोड़ते हुए हावड़ा तक रेल सेवा शुरु की जानी चाहिए। भाजपा के जनार्दन मिश्रा ने कहा कि सरकार रेलवे कॉरिडोर बना रही है वह अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और उससे पूरे देश का लाभ होगा। इससे रेल नेटवर्क मजबूत होगा तथा औद्योगिक विस्तार के साथ ही देश में रोजगार के नये आधार खुलेंगे। उनका कहना था कि पहले रेलवे लाइन बिछाने की गति 4 से 5 किलोमीटर थी जो आज बढ़कर 15 किलोमीटर प्रति दिन हो गई है।
वाईएसआर कांग्रेस की डॉ गुम्म तनुजा रानी ने कहा कि रेलवे का ज्यादा पैसा परिचालन पर खर्च होता है और निवेश पर बहुत कम पैसा जाता है। उन्होंने आंध्र प्रदेश में रेलवे भर्ती बोर्ड के गठन की मांग की और कहा कि हाई स्पीड रेल कोरिडोर आंध्र प्रदेश में भी स्थापित किया जाना चाहिए। रेलवे में एजेंटों के जरिए तत्काल रेलवे टिकट बुकिंग करने की व्यवस्था बंद करने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि यह सुविधा रेल काउंटर पर सीधे टिकट लेने वाले यात्री को या ऑनलाइन टिकट लेने के इच्छुक रेल यात्रियों को ही मिलनी चाहिए। उन्होंने रेलवे में खाली पड़े पदों पर भर्ती करने की भी मांग की।
द्रमुक के कलानिधि वीरास्वामी ने कहा कि उनका संसदीय क्षेत्र रेलवे संसाधन के हिसाब से पिछड़ा क्षेत्र है और वहां के लोगों को रेल सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने माल ढुलाई में रेलवे की भूमिका को और मजबूत करने की जरूरत पर भी बल दिया और कहा कि तमिलनाडु के लिए समर्पित गलियारे के निर्माण पर सरकार को ध्यान देना चाहिए।
कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह ओला ने कहा कि पूर्वोत्तर में राजस्थान के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं इसलिए जोधपुर से पूर्वोत्तर के लिए रेल चलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि रेल के हिसाब से राजस्थान पिछड़ा हुआ है इसलिए वहां रेलें चलाई जानी चाहिए। उनका कहना था कि रेल के जो स्टाप कोरोना काल में बंद किये गये थे उन्हें दोबारा शुरु किया जाना चाहिए। भाजपा की स्मिता उदय बाघ ने महाराष्ट्र में विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर चल रही आधुनिकीकरण की परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आग्रह किया और कहा कि इससे लोगों की समस्या का समय पर समाधान मिल जाएगा।
समाजवादी पार्टी के दरोगा प्रसाद सरोज ने रेल मंत्री से कहा कि लालगंज दीदारपुर रेलवे को वर्तमान रेल प्रोजेक्ट में शामिल नहीं किया गया है। प्रस्तावित प्रयागराज गोरखपुर लाइन से लालगंज को जोड़ने को जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि इस सुविधा के जुड़ने से स्थानीय लोगों को कारोबार तथा नौकरी पेशा करने में आसानी होगी और उपेक्षित क्षेत्र को विकास की मुख्य धारा से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने रेल मंत्री से प्रस्तावित गोरखपुर प्रयागराज रेलवे लाइन का पुन:सर्वेक्षण कराने की भी मांग की और कहा कि लालगंज को इस प्रस्तावित योजना से जोड़ा जाना चाहिए।
नेशनल कांफ्रेंस के आगा सैयद रुहुल्लह मेहदी ने चेनाव वेली को रेलवे से जोड़ने तथा कटरा से श्रीनगर रेलवे लाइन को डबल लाइन करने की मांग की। उन्होंने स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए रेल के फेरे बढ़ाने की भ्ज्ञी मांग की और कहा कि जम्मू कश्मीर को लंबी दूरी की रेलों से जोड़ा जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित