, March 16 -- भाजपा के विष्णु दयाल राम ने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए बहुत अधिक निवेश किया जा रहा है। स्वतंत्रता के बाद जो कार्य कई दशकों तक नहीं किये जा सके, उतने कार्य पिछले 10 सालों में किये गये हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य किये जा रहे हैं। रेलवे की प्रगति से साफ दिखता है कि आगामी समय में भारतीय रेलवे विश्व स्तरीय हो जायेगी।

सपा के बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि रेलवे में बड़ी संख्या में पद खाली हैं, उनमें भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित पद काफी संख्या में रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा पर खास ध्यान दिया जाना चाहिए।

श्री कुशवाहा ने कहा कि जौनपुर से होकर मुम्बई, दिल्ली और लखनऊ जाने वाली ट्रेनों का यहां के स्टेशनों पर ठहराव दिया जाये, जिससे यहां के यात्रियों को सहूलियत हो सके।

भाजपा की शोभना बेन बारैया ने चर्चा भाग लेते हुए कहा कि मोदी सरकार के शासनकाल में बड़ी संख्या में सुपरफास्ट और उच्च गति वाली ट्रेनें देश में दौड़ने लगी हैं। रेलवे के बजट में भारी वृद्धि की गयी है। लगभग सभी लाइनों का विद्युतीकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि रेलवे के हो रहे विकास से कहा जा सकता है कि रेलवे परिवर्तन, प्रगति और आत्मविश्वास का पर्याय बन चुकी है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के अमरा राम ने कहा कि सड़कों का जितना विकास किया जा रहा है, उस अनुपात में रेल लाइनों का विकास नहीं किया गया है। सड़कों के विकसित होने से पेट्रोलियम उत्पादों पर खर्च बढ़ता है और बहुत बड़ी राशि विदेशी मुद्रा के रूप में खर्च करनी पड़ती है। यदि सड़कों की गति के बराबर रेलवे का विकास किया जाये, तो यह राशि बचायी जा सकती है।

श्री राम ने कहा कि राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम धार्मिक स्थल के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ायी जानी चाहिए।

सपा के धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि अयोध्या लोक सभा सीट से सपा के अवधेश प्रसाद के चुनाव जीतने के बाद से उत्तर प्रदेश का बजट निरंतर कम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के लिए कुछ राशि तो आवंटित की गयी है, लेकिन प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है।

श्री यादव ने रेल लाइनों पर बिना चौकीदार वाले फाटकों के स्थान पर जो अंडर पास बनाये गये हैं, वे बारिश के दौरान जलभराव के कारण अनुपयुक्त हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि आजमगढ़ के लिए ट्रेन सुविधाएं बढ़ाने के लिए वह कई बार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिख चुके हैं लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। उन्होंने आजमगढ़ मंडल से मुम्बई, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ के लिए नयी ट्रेन चलाने की मांग की।

चर्चा में कांग्रेस के एडवोकेट अडूर प्रकाश, जनता दल (एस) के एम मसीह बाबू और कांग्रेस के शशिकांत सेंथिल ने भी भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित