भरतपुर , जनवरी 29 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाना की पुलिस ने गुरुवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पार्सल कार्यालय के पास सात किलो 650 ग्राम अफीम डोडा चूरा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।

जीआरपी पुलिस के सूत्रों ने बताया कि आरोपी की पहचान जसविन्दर सिंह उर्फ बूटा सिंह (34) के रूप में हुई है। वह पंजाब के फिरोजपुर का निवासी है।

सूत्रों ने बताया कि जीआरपी थानाधिकारी हरिमन मीणा की अगुवाई में रेलवे स्टेशन और रेलगाड़ियों में जांच के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी युवक घबरा गया और पिट्ठू बैग लेकर तेजी से निकलने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने जब उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली तो उसमें पारदर्शी पॉलीथिन में भरा भूरे रंग का छिलकेदार पदार्थ अफीम का डोडा चूरा निकला। आरोपी युवक को गंगापुरसिटी थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित