कोरबा , दिसंबर 16 -- छत्तीसगढ के कोरबा में रेल प्रबंधन द्वारा मकान खाली करने के नोटिस जारी किए जाने के विरोध में मंगलवार को शहर में जन आक्रोश देखने को मिला। शहर के मध्य स्थित पवन टॉकीज चौक के पास इंदिरा नगर बस्ती के सैकड़ों लोग धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन क्षेत्र का घेराव करते हुए रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रेलवे द्वारा इंदिरा नगर क्षेत्र के करीब 250 परिवारों को मकान खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। सोमवार को रेलवे की ओर से संबंधित मकानों पर निशान लगाए गए थे, जिसके विरोध में उसी दिन बड़ी संख्या में लोगों ने स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया था। आज आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया और लोग मुख्य चौक पर धरने पर बैठ गए।
धरने के कारण चौक के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर नजर बनाए रखी।
धरने पर बैठे लोगों की मांग है कि पहले क्षेत्र का सीमांकन किया जाए और विस्थापन की पूरी प्रक्रिया के साथ मुआवजा तत्काल दिया जाए, उसके बाद ही वे अपने मकान खाली करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने के कारण क्षेत्र में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं प्रशासन और रेलवे अधिकारियों पर अब आंदोलनकारियों से बातचीत कर समाधान निकालने का दबाव बढ़ता जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित