नयी दिल्ली , जनवरी 29 -- सरकार ने दक्षिण- पूर्व- मध्य रेलवे (एसईसीआर) के तहत छत्तीसगढ़ में बैकुंठ और उरकुरा के बीच चौथी रेलवे लाइन के निर्माण के लिए 426.01 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान कर दी है।
रेलवे की ओर से गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार रेलवे मंत्रालय ने एसईसीआर के तहत बैकुंठ और उरकुरा के बीच 26.40 किलोमीटर लंबी चौथी रेलवे लाइन के निर्माण को मंज़ूरी दे दी है, जिसकी अनुमानित लागत 426.01 करोड़ रुपये है। बैकुंठ-उरकुरा रेल खंड बिलासपुर-रायपुर-नागपुर मुख्य लाइन का हिस्सा है और यह मुंबई-हावड़ा उच्च घनत्व रेलवे नेटवर्क पर भी पड़ता है जो देश के सबसे व्यस्त रेल कॉरिडोर में से एक है। फिलहाल, यह सेक्शन पूरी क्षमता से चल रहा है।
रेलवे ने बताया है कि मंज़ूर की गई चौथी लाइन के निर्माण से भीड़भाड़ काफी कम होगी और ट्रेनों की आवाजाही आसान होगी। यह परियोजना अतिरिक्त यात्री और कोचिंग सेवाओं के लिए क्षमता को बढ़ाएगा। समय की बचत होगी और इस बहुत ज़्यादा इस्तेमाल होने वाले सेक्शन पर समय की पाबंदी में सुधार होगा।
रेलवे ने कहा है कि यात्रियों को होने वाले फायदों के अलावा इस परियोजना से सालाना लगभग 142.5 लाख टन अतिरिक्त माल ढुलाई की सुविधा मिलने की उम्मीद है। माल ढुलाई क्षमता में इस बढ़ोतरी से भारतीय रेलवे को चालू होने के पहले साल से ही सालाना लगभग 61.70 करोड़ रुयपे की अतिरिक्त कमाई होने का अनुमान है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस क्षेत्र में ऊर्जा संयंत्र, कोयला खदानों, स्टील और सीमेंट इकाइयों के साथ-साथ नए और संबंधित उद्योगों का तेज़ी से विस्तार हुआ है। नयी लाइन भारी सामानों के तेज़ और ज़्यादा भरोसेमंद परिवहन को सुनिश्चित करेगी, औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगी और आपूर्ति चेन को मज़बूत करेगी।
रेलवे ने कहा है कि इस काम की पहचान ऊर्जा, सीमेंट और खनिज गलियारा के तहत की गई है, जो ज़्यादा ट्रैफिक वाले और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अवसंरचना को मज़बूत करने पर भारतीय रेलवे की ओर से लगातार दिये जा रहे ध्यान को दर्शाता है।
रेलवे ने कहा है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बैकुंठ और उरकुरा के बीच चौथी लाइन न सिर्फ़ यात्रियों के लिए यात्रा को तेज़, आसान और ज़्यादा भरोसेमंद यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि माल ढुलाई संचालन को भी बढ़ावा देगी, जिससे क्षेत्र के उद्योगों और आर्थिक विकास को मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित