रायसेन , नवंबर 28 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी सलमान की गिरफ्तारी और शार्ट एनकाउंटर के बाद पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार ने यूनिवार्ता से विशेष बातचीत में कहा कि दुष्कर्म के आरोपी सलमान को छह दिन तक शरण देने वालों को चिन्हित किया जा चुका है और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि "कोई बचेगा नहीं।" साथ ही, आरोपी की गिरफ्तारी में बेहतर कार्य करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत भी किया जाएगा। आईजी ने बताया कि पूरे प्रकरण को फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रस्तुत कर पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने के लिए न्यायालय से अनुरोध किया जाएगा।
वहीं रायसेन के नवागत पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने यूनिवार्ता से कहा कि 21 नवंबर को हुई दुष्कर्म की घटना के बाद रायसेन और भोपाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के चलते आरोपी सलमान को गांधीनगर, भोपाल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद गोहरगंज ले जाते समय वाहन पंचर हो गया। इसी दौरान आरोपी को दूसरे वाहन में शिफ्ट करते समय उसने पुलिस अधिकारी की रिवॉल्वर छीनकर फायर करते हुए भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस ने उसका 'शॉर्ट एनकाउंटर' किया, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इलाज के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित