रायचूर , जनवरी 20 -- कर्नाटक में रायचूर जिले के देवदुर्गा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल (सेक्युलर) विधायक करेम्मा जी. नायक ने मंगलवार को आरोप लगाया है कि अवैध रेत खनन गिरोह के सदस्यों ने उन्हें सीधे धमकी दी है, ताकि अवैध रेत निकासी के खिलाफ उनकी कार्रवाई रोकी जा सके।

सुश्री करेम्मा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में विधायक ने कहा कि यह धमकी उनके पुलिस क्वार्टर्स में स्थित आवास पर दी गयी, जिससे कानून-व्यवस्था और निर्वाचित प्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि देवदुर्गा तालुक में वैध परमिट या टेंडर के बिना लॉरियों से बड़ी मात्रा में रेत अवैध रूप से ढोई जा रही है।

उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधि को रोकने के उनके बार-बार के प्रयासों से इसमें शामिल सट्टेबाजों के हितों को ठेस पहुंची है, जिससे उनमें शत्रुता पैदा हुई है। अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि वे ट्रैक्टरों से छोटे पैमाने पर वैध और कानूनी ढंग से रेत परिवहन के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन शक्तिशाली लॉरी संचालकों पर अवैध खनन, उत्पीड़न और धमकी देने का आरोप लगाया।

उन्होंने कई व्यक्तियों के नाम लिए, जिनमें श्रीनिवास नायक, रवि, वीरेश गौड़ा, अमरेश, वासु और हनुमंत शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग उनके आवास पर आए और अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई न करने की धमकी दी। पुलिस क्वार्टर्स में रहते हुए भी एक विधायक को धमकी मिलना चिंताजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले लंबित हैं, फिर भी उनकी गतिविधियां बिना किसी रोक-टोक के जारी हैं।

प्रशासनिक प्रतिक्रिया से असंतोष जताते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और गृह मंत्री जी. परमेश्वर से इस मामले को गंभीरता से लेने, रेत खनन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों का विरोध करने वाले अधिकारियों तथा जन प्रतिनिधियों को सुरक्षा प्रदान करने की अपील की।

सुश्री करेम्मा ने दावा किया कि वे धमकियों से नहीं डरेंगी और विधानसभा के अंदर तथा बाहर इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेंगी, जब तक अवैध रेत खनन पर निर्णायक कार्रवाई नहीं हो जाती और कानून का शासन स्थापित नहीं होता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित