सोनभद्र , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रेणुकूट-बीजपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार शाम से लगा भीषण जाम 26 घंटे बाद भी नहीं खुल सका है। जाम की लंबाई सात किलोमीटर से अधिक पहुंच गई है और सैकड़ों भारी वाहन सड़क पर फंसे हुए हैं।

पुलिस एवं प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाने के लिए हिंडाल्को और रेणुकूट से दो हैवी क्रेन मौके पर पहुंचाई गई हैं। क्रेन की सहायता से ट्रेलर को सीधा करने का प्रयास जारी है, किंतु उस पर लदा रेल इंजन का भारी फ्रेम तथा असंतुलित स्थिति के कारण राहत कार्य जटिल बना हुआ है। घंटों मशक्कत के बाद भी ट्रेलर को पूरी तरह हटाया नहीं जा सका है।

जाम के कारण ट्रक चालकों को दूसरी रात भी सड़क पर ही गुजारनी पड़ रही है। पेयजल, भोजन और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद रहने से औद्योगिक क्षेत्र की आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

प्रशासन ने कुछ बसों और हल्के वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रेलर को सीधा कर हटाते ही मार्ग बहाल कर दिया जाएगा, हालांकि देर रात तक यातायात सामान्य नहीं हो सका था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित