तिरुवनंतपुरम , दिसंबर 26 -- रेणुका सिंह (चार विकेट) और दीप्ति शर्मा (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने तीसरे टी-20 मुकाबले में श्रीलंका को सात विकेट पर 112 रन के स्कोर पर रोक दिया। आज यहां भारतीय महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका के लिए हसिनी परेरा और कप्तान चामरी अटापट्टू की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 25 रन जोड़े थे कि दीप्ति शर्मा ने चामरी अटापट्टू (तीन) को अपना शिकार बना लिया। अगले ही ओवर में रेणुका सिंह ने हसिनी परेरा 18 गेंदों में (25) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने हर्षिता समाराविक्रमा (दो) को आउट कर श्रीलंका को तीसरा झटका दिया। नीलाक्षी डिसिल्वा (चार), कविशा दिलहारी 13 गेंदों में (20), इमेशा दुलानी (27) और मल्शा शेहानी (पांच) रन बनाकर आउट हुई। श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 112 रन बनाये। कौशिनी नुत्यांगना 16 गेंदों में 19 रन और मल्की मदारा (एक) रन बनाकर नाबाद रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित