नयी दिल्ली , नवंबर 29 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युद्ध पर आधारित फिल्म ''120 बहादुर'' को 28 नवंबर से राष्ट्रीय राजधानी में टैक्स फ्री (कर मुक्त) करने की घोषणा की।
यह फिल्म 1962 के चीन-भारत युद्ध के दौरान रेजांग ला की लड़ाई पर आधारित है, जिसमें दिखाए गए भारतीय सैनिकों की बहादुरी का सम्मान किया गया है।
श्रीमती गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर यह घोषणा की। उन्होंने चार्ली कंपनी, 13 कुमाऊं रेजिमेंट और उसके कमांडिंग ऑफिसर मेजर शैतान सिंह भाटी की बहादुरी को याद करते हुये फिल्म की तारीफ की।
उन्होंने लिखा, ''120 बहादुर'', एक ऐतिहासिक वॉर फिल्म है, जो 120 सैनिकों के असाधारण साहस, लीडरशिप और बलिदान को श्रद्धांजलि देती है. बहादुर सैनिकों के सम्मान में, दिल्ली सरकार ने 28 नवंबर से फिल्म को कर मुक्त करने का फैसला किया है। फिल्म निर्माताओं को बधाई।" 120 बहादुर में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्हें परमवीर चक्र मिला था और 1962 में चीनी सेना के खिलाफ रेजिमेंट की शानदार लड़ाई का नेतृत्व किया था। फिल्म में राशि खन्ना, स्पर्श वालिया, विवान भटेना और धनवीर सिंह भी अहम भूमिका में हैं।
अभिनेता फरहान अख्तर ने श्रीमती गुप्ता का उनकी फिल्म ''120 बहादुर'' को देश की राजधानी में टैक्स-फ्री घोषित करने पर शुक्रिया अदा किया।
फरहान ने एक्स पर लिखा, ''120 बहादुर अब दिल्ली में टैक्स-फ्री है। दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के समर्थन के लिए उनका शुक्रगुजार हूं। उनके इस अच्छे काम से हिम्मत की यह कहानी और भी ज़्यादा लोगों तक पहुंचेगी।''रजनीश घई के निर्देशन में बनी "120 बहादुर" मेजर शैतान सिंह भाटी पर आधारित है, जिन्हें 1962 में रेजांग ला की लड़ाई में उनकी बहादुरी के लिए परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
मेजर भाटी की यूनिट जिसमें ज़्यादातर रेवाड़ी और आस-पास के इलाकों के अहीर (यादव) सैनिक थे, ने चुशुल एयरफील्ड की पहली लाइन, रेजांग ला पास की रक्षा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित