देहरादून , फरवरी 12 -- उत्तराखंड महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत लाभार्थियों को तीन करोड़ पांच लाख रुपए से ज्यादा की धनराशि जारी की।
श्रीमती आर्या ने यमुना कॉलोनी स्थित अपने शिविर कार्यालय पर ये धनराशि लाभार्थियों की खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) करने के बाद बताया कि इस योजना में प्रदेश सरकार 2020 से ही कोरोना महामारी के समय अभिभावकों को खो देने वाले बेसहारा बच्चों को प्रति माह 3000 रुपए की सहायता राशि देती है। योजना के तहत नवंबर 2025 तक का धन पहले ही जारी कर दिया गया था।
उन्होंने बताया कि दिसंबर में 5114 लाभार्थियों का कुल एक करोड़ 53 लाख 42 हजार रुपए और जनवरी 2026 के लिए कुल 5078 लाभार्थियों के एक करोड़ 52 लाख 34 हजार रुपए की धनराशि आज जारी की गई। उन्होंने बताया कि योजना में लाभार्थी 21 वर्ष के हो जाने या बालिका लाभार्थियों के विवाह या लाभार्थी के सेवायोजित हो जाने के बाद वह योजना से बाहर हो जाते हैं।
इस अवसर पर मुख्य परियोजना अधिकारी अंजना गुप्ता और उप मुख्य परियोजना अधिकारी राजीव नयन आदि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित