मास्को , दिसंबर 29 -- रूस की स्पेस एजेंसी रोस्कोस्मोस ने सोमवार को कहा कि उसने सोयुज-2.1बी रॉकेट से 52 उपग्रहों को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में उनकी तय कक्षा में स्थापित कर दिया है।
रोस्कोस्मोस ने अपने टेलीग्राम चैनल पर बताया कि सोयुज रॉकेट का प्रक्षेपण रविवार को अपराह्न में रूस के सुदूर पूर्वी अमूर ओब्लास्ट में वोस्तोचन कॉस्मोड्रोम फैसिलिटी से किया गया। रॉकेट ने दो आइस्ट-2टी और 50 अन्य सैटेलाइट्स को ऑर्बिट में पहुंचाया। इस प्रक्रिया में लगभग पांच घंटे लगे।
ये स्पेसक्राफ्ट कम से कम पांच साल तक ऑर्बिट में सक्रिय रूप से काम करने के लिए तैयार किए गये हैं। इनके उपयोग पृथ्वी की रिमोट सेंसिंग, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रेडिएशन रिसर्च, ग्लोबल शिपिंग की निगरानी से लेकर इंटरनेट ऑफ थिंग्स ट्रांसमीटर से सिग्नल प्राप्त करने तक हैं।
रोस्कोस्मोस ने बताया कि आइस्ट-2टी सैटेलाइट्स से पृथ्वी की 3डी तस्वीरें लेने की उम्मीद है, जिससे वैज्ञानिक लैंडस्केप के सटीक डिजिटल 3डी मॉडल बना पाएंगे और ग्रह पर आग, बाढ़ और अन्य आपात स्थितियों की अधिक प्रभावी ढंग से निगरानी कर पाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित