मॉस्को , फरवरी 06 -- रूस की सैन्य खुफिया एजेंसी (जीआरयू) के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव शुक्रवार को मॉस्को में एक अज्ञात हमलावर की गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए।
राजधानी के उत्तर-पश्चिमी इलाके में स्थित एक आवासीय इमारत के पास घात लगाकर बैठे हमलावर ने जनरल अलेक्सेयेव पर कई गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गया। हमले के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुयी है। रूसी जांच समिति ने इस घटना को "हत्या के प्रयास" का मामला मानते हुए आपराधिक जांच शुरू कर दी है। जनरल अलेक्सेयेव 2011 से जीआरयू में दूसरे सबसे शक्तिशाली अधिकारी के पद पर तैनात हैं और यूक्रेन युद्ध की रणनीतियों में उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
अंतरराष्ट्रीय विवादों से उनका पुराना नाता भी रहा है। यूक्रेन उन्हें अंतरराष्ट्रीय अपराधी मानता है। ब्रिटेन और यूरोपीय संघ(ईयू) ने उन पर 2018 में सैलिसबरी (यूके) में रूसी डबल एजेंट सर्गेई स्क्रीपल और उनकी बेटी पर 'नोविचोक' नर्व एजेंट से हमला कराने का मास्टरमाइंड होने का आरोप लगाया था। इस कारण वे ईयू के प्रतिबंधों का सामना कर रहे हैं। इसके अलावा साल 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के दौरान साइबर हमलों और हस्तक्षेप के आरोपों के चलते अमेरिका ने भी उन पर कड़े प्रतिबंध लगाए थे।
साल 2023 में वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन के विद्रोह के दौरान, अलेक्सेयेव उन प्रमुख अधिकारियों में शामिल थे जिन्होंने विद्रोहियों के साथ बातचीत की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित