मुंबई , मार्च 28 -- महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से हटने के एक सप्ताह बाद, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की वरिष्ठ नेता रूपाली चाकणकर ने शनिवार को पार्टी की महिला इकाई के प्रदेश अध्यक्ष पद से भी अपना इस्तीफा दे दिया।

यह घटनाक्रम नासिक में स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खरात की यौन शोषण और दुष्कर्म के आरोपों में हुई गिरफ्तारी और उनके साथ सुश्री चाकणकर की कथित निकटता दर्शाने वाली तस्वीरों के सामने आने के बाद हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, इस विवाद के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हस्तक्षेप किया और कथित तौर पर उन्हें पिछले सप्ताह अपने सरकारी पद से इस्तीफा देने का निर्देश दिया था। सुश्री चाकणकर ने सोशल मीडिया पर अपने निर्णय की घोषणा करते हुए बताया कि उन्होंने शनिवार सुबह राकांपा अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के साथ फोन पर हुई चर्चा के बाद पार्टी की महिला शाखा के प्रदेश अध्यक्ष पद से त्यागपत्र देने का फैसला किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित