मुंबई , जनवरी 29 -- अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया गुरुवार को ऐतिहासिक निचले स्तर पर कायम रहा और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 91.9950 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा पिछले कारोबारी दिवस पर 31.25 पैसे टूटकर 91.9975 रुपये प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ था।
रुपया आज 4.75 पैसे की मजबूती के साथ 91.95 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और बीच कारोबार में 91.82 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। हालांकि बाद में यह दबाव में आ गया और 92 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया।
विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार में पैसा लगाने और दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में रही नरमी से रुपये को समर्थन मिला। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में चार प्रतिशत से अधिक की तेजी से भारतीय मुद्रा पर दबाव रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित